निगम के दो वर्ष पुरे होने पर महापौर ने गिनाई उपलब्धियां




नगर निगम के मौजूदा बोर्ड को निर्वाचित हुए दो वर्ष पूरे होने पर गुरुवार को बैठक की गई। महापौर सुनीता वर्मा ने बताया कि नगर निगम परिवार द्वारा अथक प्रयास कर नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत निवास करने वाली जनता को अधिक से अधिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।


उन्होंने बताया कि जब वर्तमान बोर्ड ने कार्य करना प्रारम्भ किया उस समय नगर निगम की मलिन बस्तियों/कालोनियों की स्थिति अत्यन्त दयनीय थी। कई इलाकों में नागरिक नाली-सड़कें, पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित थे। निगम परिवार के सहयोग से महानगर के चौमुखी विकास के लिए कार्य कराने प्रारम्भ किए गए जिनमें काफी सफलता भी मिली। उन्होंने बताया कि कूड़ा निस्तारण के लिए विशेष तौर पर काम किया गया है। गांवड़ी में प्लांट का ट्रायल भी किया गया, जल्द ही लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।


कूड़ा निस्तारण के क्षेत्र में भी वर्तमान बोर्ड के कार्यकाल में बहुत बड़ा कार्य किया गया है। कूड़ा निस्तारण के लिए जो पिछले बोर्ड अपने पांच साल के कार्यकाल में नहीं कर सके, वह कार्य वर्तमान बोर्ड के मार्गदर्शन में वर्तमान नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों की मेहनत से पूर्ण हुआ है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वर्तमान बोर्ड के सभी सदस्यों को आमंत्रित कर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नगर आयुक्त डा. अरविंद चौहान ने कहा कि लोगों का हित सर्वोपरि है, इस दिशा में काम किया जा रहा है। इस दौरान पार्षदों से भी सुझाव मांगे गए। विपिन जिंदल, अंशुल गुप्ता, भाई गफ्फार, जरीना सिराज, कुलदीप सेन, सुनित बौद्ध, कय्यूम अंसारी, आस मोहम्मद आदि मौजूद रहे।